🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडगढ़ीनेगी पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल का...

गढ़ीनेगी पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल का प्रतिनिधिमंडल, युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत बोले— मातृशक्ति के सम्मान से समझौता नहीं

P
By Pahadnews24
July 15, 2026 • 1 min read
गढ़ीनेगी पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल का प्रतिनिधिमंडल, युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत बोले— मातृशक्ति के सम्मान से समझौता नहीं
गढ़ीनेगी पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल का प्रतिनिधिमंडल, युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत बोले— मातृशक्ति के सम्मान से समझौता नहीं (Photo: Pahad News)

काशीपुर, 15 जुलाई। गढ़ीनेगी क्षेत्र में मातृशक्ति के साथ कथित अभद्र व्यवहार एवं पुलिस चौकी प्रभारी द्वारा प्रताड़ना के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) का प्रतिनिधिमंडल आज पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। नगर पंचायत गढ़ीनेगी के अध्यक्ष अभिषेक सुखीजा की मौजूदगी में प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यूकेडी काशीपुर के जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट एवं युवा उक्रांद के जिला अध्यक्ष प्रदीप मेंदोलिया ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी पुलिस अधिकारी द्वारा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है तो यह अत्यंत गंभीर मामला है और संबंधित अधिकारी को पीड़ित परिवार से सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगनी चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

 

इस अवसर पर युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने कहा कि, “मातृशक्ति का सम्मान सर्वोपरि है। उत्तराखंड क्रांति दल किसी भी महिला के साथ अन्याय या अभद्र व्यवहार को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं करेगा। हमें आश्वासन दिया गया है कि संबंधित दरोगा पीड़ित परिवार से माफ़ी मांगेंगे। यदि ऐसा नहीं होता और पीड़ित परिवार संगठन को सूचित करता है, तो उत्तराखंड क्रांति दल लोकतांत्रिक तरीके से गढ़ीनेगी चौकी पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। हमारा उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और महिलाओं के सम्मान की रक्षा करना है।”

 

गौरतलब है कि यह मामला एक वायरल वीडियो के माध्यम से सामने आया था। वीडियो में एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोगों ने संबंधित पुलिस चौकी प्रभारी बताया, बिना वर्दी के महिलाओं के साथ विवाद करता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया है कि कथित चौकी प्रभारी ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित अधिकारियों द्वारा की जानी शेष है।

प्रतिनिधिमंडल में युवा उक्रांद काशीपुर के महानगर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान, केंद्रीय युवा मीडिया प्रभारी आयुष रावत, सैनिक संगठन अध्यक्ष विजय सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री हरजाप सिंह, युवा प्रकोष्ठ के महामंत्री सत्येंद्र शर्मा, युवा उक्रांद के उपाध्यक्ष जीवन सिंह गैड़ा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND