🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडरूद्रपुर जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत...

रूद्रपुर जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत, ऑक्सीजन न मिलने का आरोप

P
By Pahadnews24
May 7, 2026 • 1 min read
रूद्रपुर जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत, ऑक्सीजन न मिलने का आरोप
रूद्रपुर जिला अस्पताल में प्रसूता की मौत, ऑक्सीजन न मिलने का आरोप (Photo: Pahad News)

रुद्रपुर 

 

ऊधम सिंह नगर के रूद्रपुर स्थित जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय में प्रसव के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आने से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध न कराने और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में देर रात हंगामे की स्थिति बन गई।


 

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंह कॉलोनी निवासी शिक्षक सौरभ मिश्रा अपनी गर्भवती पत्नी 28 वर्षीय ज्योति पांडे को गुरुवार शाम प्रसव के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि उस दौरान अस्पताल में कोई महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थी और देर रात करीब 1:30 बजे ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ द्वारा ही प्रसव कराया गया। ज्योति ने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।


 

परिजनों का आरोप है कि महिला को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद ऑक्सीजन देने का प्रयास किया गया, लेकिन अस्पताल में मौजूद सिलेंडरों में ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं थी तथा पाइपलाइन भी काम नहीं कर रही थी। आरोप है कि समय पर उपचार और ऑक्सीजन न मिलने के कारण महिला की मौत हो गई।


 

मृतका के पति सौरभ मिश्रा ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने पूरी रात स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया और महिला चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण मरीज को उच्च केंद्र रेफर भी नहीं किया जा सका। उनका कहना है कि उनकी पत्नी की मौत रात में ही हो चुकी थी, लेकिन इसकी जानकारी सुबह दी गई।


 

घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। परिजनों ने पंतनगर थाना पुलिस, सीएमओ और जिला प्रशासन को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


 

मृतका ज्योति पांडे शक्तिफार्म क्षेत्र की रहने वाली थीं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई है।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND