🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडदेहरादून के बैरागीवाला में खूनी संघर्ष:...

देहरादून के बैरागीवाला में खूनी संघर्ष: पानी के विवाद में एक की मौत, तीन गंभीर घायल

P
By Pahadnews24
June 14, 2026 • 1 min read
देहरादून के बैरागीवाला में खूनी संघर्ष: पानी के विवाद में एक की मौत, तीन गंभीर घायल
देहरादून के बैरागीवाला में खूनी संघर्ष: पानी के विवाद में एक की मौत, तीन गंभीर घायल (Photo: Pahad News)

देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरागीवाला गांव में खेतों में पानी देने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शनिवार शाम दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।


 

जानकारी के अनुसार बैरागीवाला गांव में दो परिवारों के बीच कुलावे (ट्यूबवेल के पानी) को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के कई लोग बेलचे और हथौड़े लेकर दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में विनोद नामक व्यक्ति के सिर पर हथौड़े से कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


 

घटना में घायल विनोद, अशोक, सुषमा और राजेश कुमार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।


 

एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि मारपीट की घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


 

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पुलिस-प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं और यदि पूर्व में शिकायतों पर कार्रवाई होती तो संभवतः ऐसी घटना टाली जा सकती थी।


 

वहीं मृतक के पिता ने दावा किया कि विवाद की असली वजह खेतों का पानी नहीं बल्कि लेन-देन का मामला था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने एक दिन पहले मांगे गए 14 हजार रुपये लौटा दिए थे, जिसके बावजूद लोगों को भड़काकर हमला कराया गया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और उनके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए शव न उठाने की चेतावनी भी दी है।


 

एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND