हल्द्वानी में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 108 मामलों में कानूनी कार्यवाही; 55% तक लाइन लॉस वाले फीडर रडार पर
हल्द्वानी। शहर में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने सोमवार सुबह पांच बजे से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत चिह्नित इलाकों में सात टीमों ने एक साथ निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान कथित तौर पर कटिया डालकर बिजली का इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। अभियान के तहत 108 मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और संबंधित मीटरों को सीज किया गया है। इन मामलों में बनभूलपुरा कोतवाली के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
50 से 55 प्रतिशत तक लाइन लॉस मिलने पर शुरू हुआ अभियान
कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विद्युत विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों की निगरानी और अध्ययन कर रहा था। इस दौरान बनभूलपुरा क्षेत्र के कुछ बिजली फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसके बाद विभाग ने संबंधित इलाकों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाने की योजना बनाई। कार्रवाई में अधिशासी अभियंता, एसडीओ, एई और जेई समेत विभागीय विजिलेंस टीम तथा पुलिसकर्मी शामिल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
मीटर बाहर शिफ्ट करने और स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी
विद्युत विभाग बिजली चोरी रोकने के लिए संबंधित क्षेत्रों में घरों के अंदर लगे बिजली मीटरों को बाहर शिफ्ट करने और सामान्य केबल के स्थान पर आर्मर्ड केबल लगाने की योजना पर भी काम कर रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन कदमों से बिजली चोरी पर नियंत्रण लगाने और लाइन लॉस कम करने में मदद मिल सकती है।
बिजली कनेक्शन के नाम पर पैसे मांगने वालों की शिकायत करने की अपील
मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने या बिजली बिल जमा कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे मांगता है, तो इसकी शिकायत पुलिस से करें। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान के दौरान विभागीय कर्मचारियों से संबंधित कुछ शिकायतें सामने आई हैं, जिन्हें संज्ञान में लिया गया है। इन शिकायतों की जांच के बाद नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी रवि कुमार राजोरा, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल सहित विभागीय विजिलेंस टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी पर रोक लगाने और नियमित रूप से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।