खैर के जंगल में तस्करों का खेल! AI कैमरों ने खोला राज, दो गिरफ्तार; तीन फरार
कोटद्वार। कालागढ़ टाइगर रिजर्व में खैर के हरे पेड़ों की अवैध कटान कर रहे तस्करों पर वन विभाग ने कार्रवाई की है। जंगल में लगाए गए AI कैमरों की निगरानी के दौरान पांच लोगों के खैर का पेड़ काटने की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना 3 अक्टूबर की रात सोनानदी रेंज की कालागढ़ पश्चिमी बीट में सामने आई।
वन आरक्षी दिनेश सिंह गुसाईं के नेतृत्व में टीम गश्त पर थी। AI कैमरों से मिली सूचना के बाद वनकर्मी नलकट्टा कक्ष संख्या सात में कंडी सीमा के पास पहुंचे। यहां कुछ लोग खैर के हरे पेड़ की कटाई करते मिले।
वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर मडैया हट्टू, बाजपुर निवासी दलजीत सिंह और अजय को पकड़ लिया। वहीं विशाल निवासी रामपुर काजी, केलाखेड़ा, बाजपुर, अंग्रेज सिंह और सन्नी सिंह निवासी खदरी, बढ़ापुर, बिजनौर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने मौके से आरा, कुल्हाड़ी, 12 बोर के दो कारतूस और एक कार बरामद कर जब्त की। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया।
फरार आरोपियों की तलाश में दबिश
वन विभाग ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं फरार तीन आरोपियों की तलाश में वन विभाग की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
उप वन संरक्षक तरुण एस. ने बताया कि वन क्षेत्रों में AI और IP कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कंडी सीमा से लगे जंगलों में गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
खैर की अवैध कटान की कोशिश कर रहे तस्करों को इस बार जंगल में लगे AI कैमरों की निगरानी ने पकड़वा दिया, जिसके बाद वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।