बिना लाइसेंस संचालित 8 ईंट भंडारण केंद्र पकड़े, पालिका ने जारी किए नोटिस
रामनगर। गौजानी-चोरपानी क्षेत्र में ईंटों के अवैध भंडारण की शिकायत के बाद नगर पालिका परिषद रामनगर ने निरीक्षण अभियान चलाया। पालिका की टीम ने क्षेत्र में संचालित ईंट भंडारण केंद्रों का निरीक्षण किया, जिसमें 8 भंडारण केंद्र बिना नगर पालिका लाइसेंस के संचालित पाए गए।
निरीक्षण के बाद पालिका ने सभी संबंधित केंद्र संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक अभिलेख एवं लाइसेंस संबंधी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, भंडारण केंद्रों पर ईंटों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहनों से नगर पालिका की सड़कों और नालियों को पहुंच रहे नुकसान का भी आकलन किया गया।
पालिका टीम ने क्षति का विवरण तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए अपनी रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेज दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।