सतपुली में नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, बिहार भागने की फिराक में था
सतपुली, पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के सतपुली में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार भागने की फिराक में था, तभी उसे 24 अक्टूबर को कोटद्वार रोड से पकड़ लिया गया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को सतपुली निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री पड़ोस की दुकान पर सामान लेने गई थी। इसी दौरान वहां पेंट-पुताई का काम करने वाले युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 17/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 75 तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद सतपुली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी असगर (30), पुत्र मोहम्मद ताहिर, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बिहार के किशनगंज जिले का निवासी है और वर्तमान में सतपुली में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में सतपुली थानाध्यक्ष अनिल चौहान, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक सोहनलाल, हेड कांस्टेबल टीकम सिंह, पीआरडी जवान संतोष और महिला होमगार्ड सपना शामिल रहे।