मारपीट मामले में यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत 4 गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजे गए
देहरादून। हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास रविवार रात सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामे के मामले में पुलिस ने कंटेंट क्रिएटर एवं यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां अनुराग डोभाल और उसके साथियों द्वारा राज सिंह चौहान से मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर चौकी लेकर पहुंची, लेकिन वहां भी आरोपी दोबारा उग्र होकर आपस में झगड़ने लगे। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर चारों को हिरासत में लिया गया। मारपीट में घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल जांच के लिए दून अस्पताल भेजा गया। पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुराग डोभाल (29), निवासी चंडीगढ़, अभिषेक (22), निवासी सहारनपुर, अभय चौधरी (23), निवासी हरिद्वार और कुर्बान (23), निवासी पानीपत के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।