🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeअपराधरुद्रप्रयाग: ओवरटेकिंग के विवाद में तीर्...

रुद्रप्रयाग: ओवरटेकिंग के विवाद में तीर्थयात्रियों ने स्थानीय युवकों से की मारपीट, तीन हिरासत में, तीन फरार

P
By Pahadnews24
July 9, 2026 • 1 min read
रुद्रप्रयाग: ओवरटेकिंग के विवाद में तीर्थयात्रियों ने स्थानीय युवकों से की मारपीट, तीन हिरासत में, तीन फरार
रुद्रप्रयाग: ओवरटेकिंग के विवाद में तीर्थयात्रियों ने स्थानीय युवकों से की मारपीट, तीन हिरासत में, तीन फरार (Photo: Pahad News)

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में बुधवार शाम ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हेमकुंड साहिब यात्रा पर आए छह सिख तीर्थयात्रियों ने रेलवे निर्माण कार्य से घर लौट रहे दो स्थानीय युवकों के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीन अन्य फरार बताए जा रहे हैं।

 

जानकारी के अनुसार, सुमेरपुर क्षेत्र में रेलवे निर्माण कंपनी में कार्यरत हिमांशु भंडारी और धर्मेंद्र नेगी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओवरटेकिंग को लेकर उनकी तीर्थयात्रियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर छह यात्रियों ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने हाथों में पहने लोहे के कड़ों से उनके चेहरे पर वार किए, जिससे वे घायल हो गए।

 

घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घायल युवकों ने उनका पीछा किया और सूचना मिलने पर तिलनी स्थित एक होटल में उन्हें घेर लिया। स्थानीय लोगों की मदद से तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि तीन अन्य फरार होने में सफल रहे। पुलिस सभी को कोतवाली लेकर पहुंची, जहां घायलों और हिरासत में लिए गए आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। रेलवे संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुनील रावत सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि हाल के दिनों में बाहरी यात्रियों से जुड़े विवाद बढ़ने से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने नगरासू गुरुद्वारे में हुई पूर्व की घटना का भी उल्लेख करते हुए चिंता जताई।

 

पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं तथा हिरासत में लिए गए तीन यात्रियों से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि जांच तथ्यों के आधार पर की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


 

अपराध UTTARAKHAND