🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeअपराधयुवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी...

युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी ने जान से मारने की धमकियों का लगाया आरोप, काशीपुर कोतवाली में दी तहरीर

P
By Pahadnews24
June 30, 2026 • 1 min read
युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी ने जान से मारने की धमकियों का लगाया आरोप, काशीपुर कोतवाली में दी तहरीर
युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी ने जान से मारने की धमकियों का लगाया आरोप, काशीपुर कोतवाली में दी तहरीर (Photo: Pahad News)

काशीपुर। उत्तराखंड क्रांति दल (युवा प्रकोष्ठ) के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने काशीपुर कोतवाली में तहरीर देकर एक व्यक्ति पर लगातार मोबाइल फोन के माध्यम से जान से मारने की धमकियाँ देने, अभद्र गाली-गलौज करने तथा भय का माहौल बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के अनुसार, आयुष रावत का आरोप है कि एक व्यक्ति, जिसने अपना नाम सतनाम सिंह बताया तथा स्वयं को दमदमी टकसाल का सदस्य एवं खालिस्तान मूवमेंट से जुड़ा हुआ बताया, पिछले कुछ समय से लगातार उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकियाँ दे रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उक्त व्यक्ति ने उत्तराखंड क्रांति दल युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी को भी जान से मारने की धमकी दी है।

आयुष रावत के अनुसार, फोन पर बातचीत के दौरान संबंधित व्यक्ति ने दावा किया कि उसने हिमाचल प्रदेश में चार लोगों को गोली मार दी है और उनके साथ भी ऐसा कर सकता है। साथ ही उसने भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का उल्लेख करते हुए कथित रूप से गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन कथनों से उनके मन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति लगातार अश्लील एवं अभद्र गालियाँ दे रहा है तथा झूठे मुकदमों में फँसाने और कोर्ट में घसीटने की धमकियाँ भी दे रहा है। आयुष रावत ने बताया कि प्रारंभ में उन्होंने विवाद बढ़ाने के बजाय डायल 112 पर सूचना देकर कानून पर भरोसा जताया, लेकिन इसके बावजूद कथित धमकियाँ जारी रहीं।

शिकायत में संबंधित व्यक्ति द्वारा स्वयं को खालिस्तान मूवमेंट से जुड़ा बताने, गंभीर आपराधिक घटनाओं का उल्लेख कर भय उत्पन्न करने तथा लगातार धमकियाँ देने के आरोपों की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की गई है। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ता एवं आशीष नेगी की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया गया है।

इस दौरान उत्तराखंड क्रांति दल के काशीपुर जिलाध्यक्ष प्रदीप मैंदोलिया, जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप पाटवाल, महानगर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

फिलहाल, काशीपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले में जांच एवं आगे की विधिक कार्रवाई पुलिस द्वारा की जानी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।


 


 

अपराध UTTARAKHAND