🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeराजनीतिपाटी नगर पंचायत चुनाव में पवनदीप राजन की...

पाटी नगर पंचायत चुनाव में पवनदीप राजन की एंट्री, निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में उतरे स्टार गायक

P
By Pahadnews24
June 8, 2026 • 1 min read
पाटी नगर पंचायत चुनाव में पवनदीप राजन की एंट्री, निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में उतरे स्टार गायक
पाटी नगर पंचायत चुनाव में पवनदीप राजन की एंट्री, निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में उतरे स्टार गायक (Photo: Pahad News)

चंपावत। नवसृजित पाटी नगर पंचायत के पहले चुनाव में मुकाबला अब और भी दिलचस्प होता जा रहा है। चुनावी रण के बीच इंडियन आइडल विजेता और उत्तराखंड के लोकप्रिय गायक Pawandeep Rajan की एंट्री ने सियासी माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है। पवनदीप अपने जीजा एवं निर्दलीय अध्यक्ष पद प्रत्याशी नारायण लाल के समर्थन में पाटी पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल शक्ति प्रदर्शन रैली में हिस्सा लिया। रैली में उमड़ी भारी भीड़ ने क्षेत्र की राजनीतिक चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है।


 

नगर पंचायत चुनाव में एक ओर भाजपा समर्थित प्रत्याशी नवीन राम के पक्ष में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी प्रचार में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर नारायण लाल को पवनदीप राजन जैसे लोकप्रिय चेहरे का खुला समर्थन मिल गया है। शनिवार को निकली रैली में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पवनदीप ने लोगों से नारायण लाल के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्हें देखने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।


 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पवनदीप की लोकप्रियता का असर विशेष रूप से युवा मतदाताओं पर पड़ सकता है, जिससे चुनावी समीकरणों में बदलाव संभव है। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित नवीन राम, निर्दलीय नारायण लाल और पार्वती देवी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। सभी उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन पवनदीप राजन की चुनावी मैदान में एंट्री ने नारायण लाल की दावेदारी को नई मजबूती प्रदान की है।


 

अब सबकी निगाहें 9 जून को होने वाले मतदान और 11 जून को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि पवनदीप राजन का स्टारडम निर्दलीय प्रत्याशी को कितना फायदा पहुंचाता है या फिर भाजपा का संगठनात्मक नेटवर्क चुनावी मुकाबले में भारी पड़ता है। अंतिम फैसला अब पाटी की जनता के हाथ में है।


 

राजनीति UTTARAKHAND