🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडदेवभूमि शर्मसार: चंपावत में नाबालिग से स...

देवभूमि शर्मसार: चंपावत में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, भाजपा पदाधिकारी समेत तीन पर आरोप

P
By Pahadnews24
May 6, 2026 • 1 min read
देवभूमि शर्मसार: चंपावत में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, भाजपा पदाधिकारी समेत तीन पर आरोप
देवभूमि शर्मसार: चंपावत में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, भाजपा पदाधिकारी समेत तीन पर आरोप (Photo: Pahad News)

चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता के बीमार पिता की तहरीर पर पोक्सो (POCSO) एक्ट, गैंगरेप और अन्य जघन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

मेहंदी की रस्म में गई थी छात्रा

जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर सल्ली गांव में बीती रात एक छात्रा अपनी सहेली की मेहंदी की रस्म में शामिल होने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान तीन युवकों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपियों ने छात्रा के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और उसे एक कमरे में निर्वस्त्र हालत में ताला मारकर बंद कर दिया।

 

पुलिस को बंधक हालत में मिली पीड़िता

घटना का खुलासा तब हुआ जब रात करीब डेढ़ बजे पीड़िता ने अपने पिता को फोन करने की कोशिश की, लेकिन अचानक फोन बंद हो गया। अनहोनी की आशंका पर परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो छात्रा कमरे के भीतर रस्सी से बंधी हुई मिली। पुलिस ने तत्काल उसे मुक्त कराकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।

 

आरोपियों में राजनीतिक रसूख वाले लोग शामिल

मामले में नामजद आरोपियों को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि आरोपियों में:

• एक भाजपा मंडल का उपाध्यक्ष।

• एक पूर्व ग्राम प्रधान।

• एक छात्र (जो पूर्व प्रधान का भतीजा बताया जा रहा है)।

 

कोतवाली में जमकर हंगामा

तहरीर दिए जाने के दौरान कोतवाली परिसर में ही दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई और जमकर लात-घूंसे चले, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।

 

संघर्षपूर्ण जीवन जी रही है पीड़िता

पीड़िता के बारे में बताया जा रहा है कि वह बेहद गरीब परिवार से है। वह चंपावत में एक आइसक्रीम पार्लर में काम कर अपने बीमार पिता का इलाज और घर का खर्चा चलाती है। इस घटना ने पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND