भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर पार्किंग विवाद में हंगामा, नेता के ड्राइवर को थप्पड़ मारने से बढ़ा मामला
देहरादून: उत्तराखंड भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गढ़वाल मंडल की तीनों लोकसभा सीटों को लेकर मंगलवार को हुई अहम बैठक के दौरान कार्यालय के बाहर पार्किंग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। बैठक में सांसदों, विधायकों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने के कारण मुख्यालय के आसपास बड़ी संख्या में वाहन खड़े हो गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान भाजपा के एक प्रदेश मंत्री की इनोवा क्रिस्टा गाड़ी पड़ोसी के घर के मुख्य गेट के सामने खड़ी होने को लेकर विवाद शुरू हो गया। पड़ोसी के मुताबिक, वाहन करीब एक घंटे तक गेट के सामने खड़ा रहा और ड्राइवर के नहीं मिलने के कारण उन्हें आने-जाने में दिक्कत हुई। ड्राइवर के वापस पहुंचने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साए पड़ोसी ने ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। स्थानीय व्यक्ति ने आरोप लगाया कि बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान आसपास के घरों के गेट और सड़कें वाहनों से घिर जाती हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है। वहीं, भाजपा प्रदेश मुख्यालय प्रभारी जगमोहन सिंह रावत ने कहा कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को ध्यान रखना चाहिए कि किसी के घर के गेट के सामने वाहन खड़ा न किया जाए और संभव है कि वाहन गलती से वहां खड़ा हो गया हो। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का प्रदेश कार्यालय कई वर्षों से इसी स्थान पर संचालित हो रहा है और बड़े कार्यक्रमों के दौरान इस तरह की स्थिति कभी-कभी उत्पन्न हो जाती है।