🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडहल्द्वानी: स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर...

हल्द्वानी: स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 57 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

P
By Pahadnews24
June 13, 2026 • 1 min read
हल्द्वानी: स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 57 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
हल्द्वानी: स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 57 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश (Photo: Pahad News)

हल्द्वानी। 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की विभिन्न विभागों की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इस संबंध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया।


 

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में परीक्षा 14 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के लिए हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल और कालाढूगी में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।


 

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की सूक्ष्म जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।


 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, गोपनीयता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा के सफल संचालन के लिए परिवेक्षक, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी कर दी गई है।


 

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अभ्यर्थियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि कैंची धाम (भवाली) में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। इसलिए सभी अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की देरी से बचने के लिए अपने परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले पहुंचें।


 

बैठक में नोडल अधिकारी परीक्षा एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, हल्द्वानी, रामनगर, नैनीताल और कालाढूगी के उपजिलाधिकारी, सभी 57 परीक्षा केंद्रों के प्रबंधक, आयोग के प्रतिनिधि तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND