बीमार पत्नी को कंधे पर उठाकर 7 किलोमीटर पैदल चला पति, सड़क के लिए सीएम धामी से लगाई गुहार
पौड़ी: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत एक बार फिर सामने आई है। पौड़ी गढ़वाल के बीरोंखाल ब्लॉक स्थित दूरस्थ पल्ला कमलिया गांव में सड़क सुविधा नहीं होने के कारण एक पति को अपनी तेज बुखार से पीड़ित पत्नी को कंधे पर उठाकर करीब 7 किलोमीटर पैदल अस्पताल तक पहुंचाना पड़ा। साहिल नाम के ग्रामीण ने अपनी पत्नी काजल को कंधे पर उठाकर पैदल सफर किया और इस दौरान वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गांव तक सड़क पहुंचाने की गुहार लगाई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में मरीजों को डंडी-कंडी और कंधों के सहारे कई किलोमीटर तक ले जाना पड़ता है और कई बार समय पर इलाज नहीं मिलने से गंभीर परिणाम भी सामने आए हैं। ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार के अनुसार गांव के लिए करीब 3 किलोमीटर सड़क का सर्वे पहले ही हो चुका है, लेकिन लंबे समय बाद भी निर्माण प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है। कुछ समय पहले साहिल के 55 वर्षीय पिता बलवीर सिंह को भी तबीयत बिगड़ने पर ग्रामीणों की मदद से कंधों के सहारे सड़क तक पहुंचाया गया था। क्षेत्र के उक्रांद नेता बलवंत गुसाईं ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज स्वयं लोक निर्माण विभाग के मंत्री हैं, इसके बावजूद ग्रामीण सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। वहीं पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पान सिंह बिष्ट ने बताया कि सड़क का सर्वे पूरा हो चुका है और जल्द डीपीआर तैयार कर आवश्यक औपचारिकताओं के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ग्रामीणों का सवाल है कि जब सड़क के लिए कई बार सर्वे हो चुके हैं तो आखिर निर्माण कब शुरू होगा? पल्ला कमलिया की यह तस्वीर पहाड़ों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।