SIR के विरोध में रामनगर में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
रामनगर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर रविवार को रामनगर में SIR प्रक्रिया के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक रणजीत रावत एवं नैनीताल कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन की शुरुआत नगर पालिका परिषद परिसर से हुई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कार्यकर्ता जुलूस के रूप में लखनपुर चौक पहुंचे। यहां राष्ट्रगान के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतले का दहन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि SIR के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जिससे उनके मतदान के अधिकार पर प्रभाव पड़ सकता है। पूर्व विधायक रणजीत रावत ने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से करोड़ों लोगों के वोट काटे गए हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की महत्वपूर्ण आधारशिला है और मतदाता सूची से लोगों के नाम हटने से उनके अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि SIR के मुद्दे को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा।
पुतला दहन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार रामनगर के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी भेजा।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रामनगर देशबंधु रावत, नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मालधन ओम प्रकाश, महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष ललिता उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल खुलासा, भुवन पाण्डेय, हेमवती नंदन दुर्गापाल, नीरज तिवारी, शोभा बिष्ट, कैलाश रेखाड़ी, ओम प्रकाश राय, विकास कुमार, सूरज रावत, मो. यूसुफ, बाबर खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।