🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडUKPCS 2024 में सितारगंज के फराज मियां बन...

UKPCS 2024 में सितारगंज के फराज मियां बने डिप्टी कलेक्टर, प्रदेश में हासिल की छठी रैंक

P
By Pahadnews24
June 3, 2026 • 1 min read
UKPCS 2024 में सितारगंज के फराज मियां बने डिप्टी कलेक्टर, प्रदेश में हासिल की छठी रैंक
UKPCS 2024 में सितारगंज के फराज मियां बने डिप्टी कलेक्टर, प्रदेश में हासिल की छठी रैंक (Photo: Pahad News)

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज निवासी फराज मियां ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की अपर पीसीएस-2024 परीक्षा में प्रदेशभर में छठी रैंक हासिल कर डिप्टी कलेक्टर पद प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।


 

वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय के पर्यटन विभाग में समीक्षा अधिकारी (रिव्यू ऑफिसर) के पद पर कार्यरत फराज मियां ने नौकरी के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और अपनी मेहनत, लगन तथा सही रणनीति के बल पर यह मुकाम हासिल किया।


 

फराज मियां का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने सफलता का श्रेय निरंतर अध्ययन, अनुशासन और सही रणनीति को देते हुए बताया कि अनेक पुस्तकों को पढ़ने के बजाय उन्होंने कुछ चुनिंदा किताबों का बार-बार अध्ययन किया। साथ ही उत्तराखंड सामान्य ज्ञान और समसामयिक घटनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया।


 

उन्होंने बताया कि राज्य से जुड़े विषयों और गतिविधियों की बेहतर समझ विकसित करने के लिए वे नियमित रूप से स्थानीय हिंदी समाचार पत्रों का अध्ययन करते रहे। उनके अनुसार प्रतियोगी परीक्षाओं में स्थानीय विषयों और समसामयिक घटनाओं की मजबूत पकड़ सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी होती है।


 

यह फराज मियां की पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी उन्होंने कई प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने यूकेएसएसएससी की कनिष्ठ सहायक परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्ष 2024 में आयोजित सचिवालय समीक्षा अधिकारी परीक्षा में प्रदेश स्तर पर चौथी रैंक प्राप्त की। वहीं वर्ष 2025 में निर्वाचन आयोग की समीक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त वे यूकेपीएससी की लोअर पीसीएस परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं, जिसका साक्षात्कार आगामी माह प्रस्तावित है।


 

फराज मियां ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) सितारगंज से प्राप्त की, जहां से उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की। इसके बाद राजकीय पीजी कॉलेज खटीमा से बीएससी तथा लखनऊ विश्वविद्यालय से एमबीए की डिग्री हासिल की।


 

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा को भी दिया। उनकी बहन गुड़िया वर्तमान में जीआईसी नैनीताल में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। फराज का कहना है कि परिवार का शैक्षिक वातावरण और निरंतर प्रोत्साहन उनकी सफलता की मजबूत नींव साबित हुआ।


 

फराज मियां की यह उपलब्धि न केवल सितारगंज बल्कि पूरे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि समर्पण, कड़ी मेहनत और सही दिशा में निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND