🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: 6 जिल...

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: 6 जिलों में यलो अलर्ट, 80 सड़कें बंद; अगले 3 दिन भी बरसेंगे बादल

P
By Pahadnews24
August 24, 2026 • 1 min read
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: 6 जिलों में यलो अलर्ट, 80 सड़कें बंद; अगले 3 दिन भी बरसेंगे बादल
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: 6 जिलों में यलो अलर्ट, 80 सड़कें बंद; अगले 3 दिन भी बरसेंगे बादल (Photo: Pahad News)

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच बारिश का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र ने सोमवार को प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, टिहरी में भी हल्की बारिश का दौर जारी है।

 

पौड़ी में भूस्खलन से मोटरमार्ग बंद
लगातार बारिश के बीच पौड़ी जिले के बीरोंखाल ब्लॉक में मैठाणाघाट-ग्वीन-रसियादेव मोटरमार्ग पर पहाड़ी दरकने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

उत्तरकाशी में श्रमिक का सुरक्षित रेस्क्यू
उत्तरकाशी में खराड़ी झूला पुल के पास यमुना नदी के तेज बहाव में एक श्रमिक फंस गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रस्सियों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर श्रमिक को सकुशल बाहर निकाल लिया।

 

प्रदेश में 80 सड़कें बंद
भारी बारिश और भूस्खलन का असर प्रदेश के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है। राज्य आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में कुल 80 सड़कें बंद हैं। इनमें 2 स्टेट हाईवे, 1 मुख्य जिला मार्ग, 12 पीडब्ल्यूडी सड़कें और 55 पीएमजीएसवाई/आरडब्ल्यूडी सड़कें शामिल हैं। वहीं, 1 अप्रैल 2026 से अब तक प्राकृतिक आपदाओं में 44 लोगों की मौत, 46 लोग घायल और एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है।

 

अगले तीन दिन भी बारिश के आसार
25 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। 26 अगस्त को भी मानसून सक्रिय रहने के चलते कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और पहाड़ी जिलों में तेज बारिश के दौर संभव हैं। 27 अगस्त को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है।

लगातार बारिश को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति और स्थानीय स्तर पर जारी advisories पर नजर रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND