🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeअपराधभाजपा युवा मोर्चा नेता की हत्या से बैराग...

भाजपा युवा मोर्चा नेता की हत्या से बैरागीवाला में तनाव, 12 नामजद समेत 30-40 पर मुकदमा, 4 गिरफ्तार

P
By Pahadnews24
June 14, 2026 • 1 min read
भाजपा युवा मोर्चा नेता की हत्या से बैरागीवाला में तनाव, 12 नामजद समेत 30-40 पर मुकदमा, 4 गिरफ्तार
भाजपा युवा मोर्चा नेता की हत्या से बैरागीवाला में तनाव, 12 नामजद समेत 30-40 पर मुकदमा, 4 गिरफ्तार (Photo: Pahad News)

देहरादून। विकासनगर के सहसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरागीवाला गांव में पुरानी रंजिश और खेत में पानी छोड़ने को लेकर हुए विवाद में भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े नेता विनोद कुमार (45) की हत्या हो गई, जबकि उनके भाई अशोक कुमार और राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मामले में 12 नामजद आरोपियों समेत 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


 

जानकारी के अनुसार विनोद कुमार, जो भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े थे और पूर्व में बीडीसी का चुनाव भी लड़ चुके थे, का परिवार बैरागीवाला के पूर्व प्रधान इस्पाक और उनके परिजनों के साथ लंबे समय से विवाद में था। बताया जा रहा है कि विनोद और उनके परिवार ने पूर्व प्रधान के कार्यकाल से जुड़े मामलों में सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत कई जानकारियां मांगी थीं तथा ग्राम समाज की भूमि समेत अन्य मामलों में शिकायतें भी की थीं। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी।


 

शनिवार को विनोद कुमार और उनके भाई सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी लगा रहे थे। आरोप है कि पड़ोसी खेत के मालिक इम्तियाज ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इम्तियाज, रज्जाक, अमन, यूनुस, जावेद, सलमान और अन्य लोगों ने विनोद कुमार, अशोक कुमार और राजेश कुमार पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हरबर्टपुर स्थित लेहमन अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई।


 

मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर थाने में रज्जाक, अमन, यूनुस, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इंतेजार समेत 12 नामजद आरोपियों और 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।


 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज—को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


 

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया। बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता गांव में पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी धार्मिक स्थल और आरोपियों के मकानों की ओर बढ़े, जिन्हें पुलिस ने रोक लिया। दून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कुछ समय के लिए प्रदर्शन किया गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।


 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तथा पीएसी की तैनाती की गई है। एसपी देहात पंकज गैरोला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।


 

एसएसपी देहरादून ने कहा है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।


 

अपराध UTTARAKHAND