🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeअपराधकैंची धाम मेले में शर्मनाक घटना, युवती स...

कैंची धाम मेले में शर्मनाक घटना, युवती से छेड़छाड़ के आरोप में एएसआई और कांस्टेबल पर मुकदमा दर्ज

P
By Pahadnews24
June 15, 2026 • 1 min read
कैंची धाम मेले में शर्मनाक घटना, युवती से छेड़छाड़ के आरोप में एएसआई और कांस्टेबल पर मुकदमा दर्ज
कैंची धाम मेले में शर्मनाक घटना, युवती से छेड़छाड़ के आरोप में एएसआई और कांस्टेबल पर मुकदमा दर्ज (Photo: Pahad News)

भवाली। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले के दौरान एक गंभीर मामला सामने आया है। मेला ड्यूटी पर आए ऊधमसिंह नगर जिले के दो पुलिसकर्मियों पर एक युवती से छेड़छाड़, अभद्रता और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर भवाली पुलिस ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


 

जानकारी के अनुसार ऊधमसिंह नगर में तैनात एएसआई जगदीश प्रसाद और कांस्टेबल जितेंद्र कुमार कैंची धाम मेले में ड्यूटी के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि रात्रि ड्यूटी के दौरान एक होमस्टे में ठहरने के दौरान दोनों ने शराब का सेवन किया और नशे की हालत में होमस्टे संचालक के परिवार की युवती के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर युवती के परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ भी अभद्रता एवं मारपीट किए जाने का आरोप है।


 

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और कार्रवाई की मांग को लेकर चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। सीओ, एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की।


 

प्राथमिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद स्थानीय लोगों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। मेडिकल परीक्षण में भी नशे की पुष्टि होने के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।


 

पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि निलंबन के अलावा सेवा से बर्खास्तगी तक की कार्रवाई पर भी विचार किया जा रहा है।


 

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता या किसी भी प्रकार के आपराधिक कृत्य को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून सभी के लिए समान है, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी।


 

अपराध UTTARAKHAND